– क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 45 लोग हिरासत में
नागपुर :- नागपुर शहर पुलिस की अपराध शाखा के एनडीपीएस (नारकोटिक्स) पथक ने गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार देर रात को हेरिटेज होटल में संचालित हुक्का पार्लर पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 36 पुरुष और 9 महिलाओं सहित कुल 45 लोगों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, सह पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) तथा पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने मौके से 13 हुक्का पॉट्स सहित अन्य सामग्री जब्त की। हुक्का पार्लर से संबंधित जब्त सामग्री की कीमत लगभग 23 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, अभियान के दौरान विभिन्न कार्रवाइयों में कुल 3 लाख 57 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया गया। पुलिस ने होटल के मालिक और प्रबंधक के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान घटनास्थल पर ड्रग टेस्टिंग किट की सहायता से नमूने भी लिए गए, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




