– उपमुख्यमंत्री शिंदे ने फोन पर की दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से बात
अकोला :- जिले के पातुर तहसील के सावरगांव में 10 वर्षीय मासूम बच्ची से 60 वर्षीय व्यक्ति द्वारा अत्याचार की घटना से पूरे जिले में आक्रोश फैल गया है. इस घटना की गंभीर दखल लेते हुए महाराष्ट्र राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीड़ित परिवार से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद साधा. उन्होंने परिवार को धैर्य दिलाते हुए आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है. साथ ही शिवसेना की ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संबंधित अधिकारियों को आरोपी पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि इस मामले की सुनवाई तेज गति से न्यायालय में कराई जाएगी ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कठोरतम सजा मिले. शिवसेना शिंदे गुट ने स्पष्ट किया है कि इस नराधम को फांसी की सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे. इस घटना के बाद सावरगांव और आसपास के क्षेत्रों में शिवसैनिकों ने तीव्र भावना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी प्रकार की दया न दिखाते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोर सजा दी जाए. यह घटना किसी और के घर में न हो, इसके लिए समाज को एकजुट होना होगा. शिवसेना अकोला जिला प्रमुख चंद्रशेखर पांडे ने भी परिवार को भरोसा दिलाया कि पूरी शिवसेना एक परिवार की तरह उनके साथ है.