मुंबई :- एलिफेंटा में खुदाई से पता चला है कि यहां के निवासियों को, अनियमित बारिश के बावजूद, पानी उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत इंजीनियरिंग का इस्तेमाल किया गया था। इसका यह भी मतलब है कि एलिफेंटा एक व्यापारिक केंद्र था और मध्य-पूर्व के देशों के साथ व्यापार में इसकी अहम भूमिका थी। अरब सागर में मुंबई के तट से दूर, एलिफेंटा द्वीप पर पत्थर और ईंटों से बना एक जलाशय या आसान शब्दों में कहें तो एक सीढ़ीदार तालाब मिला है, जिसके बारे में माना जाता है कि यह 1,500 साल से भी ज्यादा पुराना है। इस खोज से यह साबित होता है कि 15 सदियों पहले भी उन्नत इंजीनियरिंग का इस्तेमाल किया जाता था। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना था कि द्वीप पर रहने वालों को अच्छी गुणवत्ता वाला पीने का पानी मिलता रहे, भले ही द्वीप की भौगोलिक बनावट ऐसी थी कि यहां चट्टानें ज्यादा थीं, जो बारिश का पानी जमा या रोक नहीं पातीं थी।
खुदाई के दौरान क्या मिला?
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा नवंबर 2025 से एलिफेंटा द्वीप पर की गई खुदाई के दौरान, पुरातत्वविदों को चट्टानों में तराशी गई एक विशाल ‘T’ आकार की संरचना मिली है, जिसका इस्तेमाल बारिश का पानी जमा करने के लिए किया जाता था।
उन्हें इंडो-मेडिटेरेनियन “एम्फोरा के टुकड़े” भी मिले हैं, साथ ही अन्य आयातित चीनी मिट्टी के बर्तन और कांच के टुकड़े भी मिले हैं। ये चीजें इस बात का संकेत देती हैं कि यह जगह दूर-दराज के इलाकों के साथ होने वाले व्यापारिक लेन-देन के नेटवर्क का हिस्सा थी।
ये चीजें मेसोपोटामिया और भूमध्यसागरीय क्षेत्रों, यानी आज के तुर्की, सीरिया, कुवैत, इजरायल और मिस्र से जुड़ी हैं। इससे पता चलता है कि एलिफेंटा द्वीप एक प्रमुख व्यापारिक मार्ग पर स्थित था।