Friday, January 23, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

भूषण शिंगणे पर जानलेवा हमले के 8 आरोपी गिरफ्तार

– वर्धा रोड से ‘घुई’ चाचेरकर की नाटकीय धरपकड़!

नागपुर :- नागपुर महानगर पालिका चुनाव के मतदान से कुछ घंटे पहले भाजपा नेता एवं पूर्व नगरसेवक भूषण शिंगणे पर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में कांग्रेस पदाधिकारी गणेश उर्फ घुई चाचेरकर सहित 8 लोगों को गिट्टीखदान पुलिस ने गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में गणेश उर्फ घुई चाचेरकर (40), मंगेश मांगे (39), नितिन बगड़े (40), अमित मेश्राम (34), आशीष भड (41), अंकुश कोचे (30), रोशन परतेकी (34) और राहुल अठरोकार (25) शामिल हैं। खास बात यह रही कि घुई को बड़े नाटकीय रूप से वर्धा रोड से गिरफ्तार किया गया। हालांकि अंदरखाने कहा जा रहा है कि चुनाव के परिणाम के तुरंत बाद उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था।

CM, गडकरी भी थे एक्शन में

शिंगणे पर हमले के बाद भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने पुलिस आयुक्त डॉ. सिंगल से जल्द और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने इस हमले को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी शिकायत की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी स्वयं शिंगणे के घर पहुंचे और उनका हाल चाल जाना। मामले में गिट्टीखदान पुलिस ने शनिवार देर रात सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कुख्यात घुई चाचेरकर से गहन पूछताछ जारी थी।

वोटरों को पैसे बांटने पर हुआ था विवाद

कहा जा रहा है कि मतदान से एक शाम पहले गोरवाड़ा इलाके में वोटरों को पैसे बांटने की जानकारी मिलने के बाद भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगणे दो कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे थे। उसी दौरान कांग्रेस पदाधिकारी घुई सहित 50-60 कार्यकर्ताओं ने शिंगणे और उनके साथियों पर अचानक हमला कर दिया।

हाथापाई के दौरान एक कार्यकर्ता नीचे गिर गया, जिसे उठाने के लिए शिंगणे झुके। आरोप है कि इसी बीच उन्हें भी जमीन पर गिराकर पत्थरों से मारा गया। हमले में शिंगणे के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। उनके होंठ फट गए तथा पैर भी जख्मी हुआ। उन्हें तत्काल इलाज के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com