– कई गिरफ्तार नागपुर की DRI टीम का छापा
अमरावती :- गाडगेनगर थाना क्षेत्र के नवसारी परिसर के एक फ्लैट पर डीआरआई टीम ने रविवार को दोपहर में छापामार कार्रवाई की. टीम ने 5 किलो एमडी पकड़ने की जानकारी है जिसकी कीमत 8 करोड़ रुपए बताई जा रही है. मामले की जांच डीआरआई की तीन टीमें कर रही है. जब्त माल को नवसारी परिसर के जीएसटी भवन में ले जाया गया है. जहां उक्त दोनों टीम जांच कर रही है. वहीं तीसरी टीम ड्रग्स तस्करों की तलाश में रहने की बात सामने आई है. देर रात कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया.
अमरावती पुलिस को नहीं थी खबर : अमरावती पुलिस को इस बात की जानकारी नहीं थी कि शहर में नागपुर की डीआरआई टीम इतनी बड़ी मात्रा में एमडी जब्त करने के लिए छापा मार रही है. इतनी बड़े पैमाने पर अमरावती में एमडी का कारोबार चलना, जबकि स्थानीय पुलिस को इसकी खबर नहीं होना, आश्चर्यजनक है. जानकारी यह भी है कि नागपुर से आई डीआरआई की तीन टीमों में से एक टीम ड्रग्स तस्करों की तलाश में जुट गई है. वहीं दो टीम जीएसटी भवन में अभी भी तैनात है. इस परिसर में किसी को भी आने की अनुमति नहीं दी गई है. फॉरेंसिक टीम भी जीएसटी भवन पहुंचकर जांच में जुटी है. देर रात कुछ लोगों को हिरासत में लेने की जानकारी है. शहर अपराध शाखा द्वारा अनेक बार एमडी तस्करों पर लगाम कसी गई. लेकिन पुलिस के हाथ सिर्फ छोटी मछलियां ही हाथ लगी थी. एमडी तस्करी में लिप्त बड़ी मछलियां आज तक हाथ नहीं लग पाई थी. डीआरआई टीम द्वारा रविवार को मारे गए छापे से अब ड्रग्स तस्करी में लिप्त बड़ी मछलियों के नाम और गिरफ्तार होने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक डीआरआई दल का नवसारी में छापा पड़ने की जानकारी मिलते ही शहर अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची. लेकिन यह जांच गोपनीय बताई गई. अपराध शाखा के अधिकारी व कर्मियों को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई जिससे पुलिस ने भी कार्रवाई में इंटरफेअर नहीं किया.




