मानसून की विदाई शुरू, पर असर अब भी बरकरार

0
109

मुंबई :- देश के कई हिस्सों में अभी भी बारिश का सिलसिला जारी है। अगस्त-सितंबर में जमकर बरसने वाला मानसून अब विदाई की राह पर है, लेकिन इसके प्रभाव अब भी कई राज्यों में महसूस हो रहे हैं, जिनमें बाढ़ जैसी स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस साल दिवाली भी बारिश के बीच मनानी पड़ेगी? भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ने 14-15 सितंबर से देश से लौटना शुरू कर दिया है और 21 सितंबर तक यह गुजरात और मध्य प्रदेश तक पहुंच चुका है। अनुमान है कि 15 अक्टूबर तक मानसून भारत से पूरी तरह विदा हो जाएगा, जबकि महाराष्ट्र से यह 10 अक्टूबर तक विदा हो सकता है। महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई जिलों में भी अगले कुछ दिनों में मेघगर्जन के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस साल दिवाली (जो अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में है) तक मानसून भारत से विदा हो जाएगा। यानी अधिकतर हिस्सों में दिवाली तक मौसम साफ रहने की संभावना है।