मुंबई :- महाराष्ट्र की मंत्री अदिति तटकरे ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं के लिए ‘लाडकी बहिन’ योजना के तहत ई-केवाईसी पूरा करने की नवंबर की समय सीमा 15 दिन बढ़ा दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि लाभार्थियों के लिए सुचारू और तेज प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए ‘लाडकी बहिन योजना’ के तहत ई-केवाईसी सर्वर प्रणाली में अहम सुधार किए जा रहे हैं।
सरकार की प्रमुख ‘मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिलते हैं। तटकरे ने कहा कि सरकार ने ई-केवाईसी सत्यापन के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं को हल करने को प्राथमिकता दी है, जिससे कुछ क्षेत्रों में प्रक्रिया धीमी हो गई थी। उन्होंने कहा, “प्रतिदिन लगभग चार से पांच लाख महिलाओं का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा किया जा रहा है। अब तक 1.10 करोड़ से अधिक महिलाओं ने सफलतापूर्वक यह प्रक्रिया पूरी कर ली है, जो कुल आवेदकों का लगभग 90 प्रतिशत है।”



