नागपुर के मोमिनपुरा में आवारा कुत्तों का हमला

0
63

– भानखेड़ा में मासूम बच्चा गंभीर रूप से जख्मी

नागपुर :- शहर के मोमिनपुरा क्षेत्र के भानखेड़ा इलाके में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक कुछ आवारा कुत्ते उस पर टूट पड़े। कुत्तों ने बच्चे को हाथ, पैर और चेहरे पर बुरी तरह नोच लिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह कुत्तों को भगाया और घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म हैं, फिलहाल उसका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इलाके में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या पर तुरंत कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से मोमिनपुरा और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इन कुत्तों ने कई बार बच्चों और बुजुर्गों को निशाना बनाया है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

इस घटना के बाद नागरिकों ने नगर निगम के पशु नियंत्रण विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है और क्षेत्र में त्वरित नसबंदी अभियान चलाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।