– नागपुर-कलमेश्वर मार्ग पर भीषण हादसा, चालक व मालिक फरार, तीन आरोपियों को हिरासत में
कलमेश्वर :- नागपुर-कलमेश्वर मार्ग पर रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. कत्लखाने ले जा रहे मवेशियों से भरे ट्रक में अचानक आग लगने से 37 में से 29 गायें मौके पर ही जलकर खाक हो गई, जबकि 8 गायें गंभीर रूप से घायल हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच ट्रक क्रमांक एमएच-40-सीडी-5044 काटोल से नागपुर की ओर जा रहा था. ट्रक में अवैध रूप से 37 गायों को कत्लखाने ले जाया जा रहा था. फेटरी बस स्टैंड के समीप ट्रक का टायर घिसने से उसमें अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और मवेशियों को निकालने का कोई रास्ता नहीं
बचा. आग लगते ही ट्रक चालक और मालिक मौके से फरार हो गए. ट्रक में मिले दस्तावेजों के अनुसार आरोपी चालक की पहचान नागपुर के टेकानाका महेंद्रनगर निवासी मोहम्मद नासिर मोहम्मद रजा के रूप में हुई है. 112 पर सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल श्रीकांत बोरकर तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का पंचनामा करते हुए घायल 8 गायों को राउलगांव गौशाला में उपचार हेतु भेजा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर ग्रामीण के स्थानीय अपराध शाखा ने सावनेर तहसील के खापा ह.मु. नागपुर के टेकानाका, महेंद्रनगर के बुर्ज खलीफा होटल परिसर निवासी वाहन मालिक आरोपी मोहम्मद नासिर मोहम्मद कुरेशी (49) को अमरावती जिले के बडनेरा के नयीबस्ती से हिरासत में लिया गया. इसी प्रकार नागपुर के यशोधरा नगर के आजरी माजरी आके लेआउट प्लॉट क्र. 238 निवासी वाहन चालक सयद उर्फ सोनु सुलतान हमीद अली (32) और नागपुर के पाचपावली महेंद्र नगर के पानी टंकी परिसर निवासी अमीर रहुफ कुरेशी (29) को हिरासत में लिया है. आरोपी को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू है. इस मामले में पुलिस ने निम्नलिखित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है. जिसमें पशुओं के साथ क्रूरता, मोटर वाहन अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता, राजमार्ग सुरक्षा कानून, महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने का अपराध शामिल है.








