spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

भाजपा के अंदरूनी आदेश से मचा बवाल, समर्थकों ने उम्मीदवार को घर में किया नजरबंद

– नामांकन वापसी पर हाईवोल्टेज ड्रामा: कार्यकर्ताओं ने किसन गावंडे को किया बंद

नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका चुनाव की सरगर्मी के बीच शुक्रवार को प्रभाग 13-ड राजनीतिक उबाल का केंद्र बन गया. भाजपा के भीतर उठे आदेश और असंतोष की टकराहट सडक़ों से लेकर घरों तक जा पहुंची. पार्टी के निर्देश पर नामांकन वापसी की बात सामने आते ही हालात इतने बिगड़े कि उम्मीदवार किसन गावंडे को उनके ही समर्थकों ने घर में बंद कर दिया. मामला हाई वोल्टेज ड्रामे में तब्दील हो गया, जब विधायक परिणय फुके को खुद मोर्चा संभालते हुए मौके पर पहुंचना पड़ा और अंतत: गावंडे को धरमपेठ जोन ले जाकर नामांकन वापस कराया गया.

ज्ञात हो कि प्रभाग 13-ड से भाजपा ने दो उम्मीदवारों किसन गावंडे और विजय होले को एबी फॉर्म दिया था. हालांकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि से एक दिन पहले भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने किसन गावंडे को अपना नामांकन वापस लेने का निर्देश दिया. जैसे ही यह जानकारी गावंडे के समर्थकों तक पहुंची, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंच गए और उन्हें नामांकन वापस लेने से रोकने का प्रयास करने लगे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने किसन गावंडे को उनके घर के अंदर ही बंद कर दिया. समर्थकों ने आवास के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. करीब एक से डेढ़ घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम हाईवोल्टेज ड्रामे में तब्दील रहा, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई.

इस दौरान घर के अंदर मौजूद किसन गावंडे ने कहा, मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं, पार्टी नेतृत्व जो भी आदेश देगा, उसका मैं पूरी निष्ठा से पालन करूंगा. वहीं नामांकन वापस लेने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे निश्चित रूप से अपना नामांकन वापस लेंगे. कार्यकर्ताओं के हंगामे को देखते हुए विधायक परिणय फुके तुरंत किसन गावंडे के आवास पर पहुंचे और समर्थकों को समझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि कार्यकर्ता किसी भी तरह समझने को तैयार नहीं थे और उन्होंने दरवाजे का ताला खोलने से भी इनकार कर दिया.

काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं ने ताला खोला, जिसके बाद विधायक परिणय फुके घर के अंदर प्रवेश कर सके. घर के अंदर हुई बैठक के दौरान परिणय फुके ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बातचीत कर पूरे घटनाक्रम और स्थिति की जानकारी दी. इसके बाद आगे की चर्चा और समाधान के लिए फुके, किसन गावंडे को अपने साथ लेकर वहां से रवाना हो गए.

करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद किसन गावंडे ने प्रभाग 13-ड से अपना नामांकन वापस ले लिया. वे धरमपेठ जोन-2 कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की. इस दौरान विधायक परिणय फुके सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. नामांकन वापस लेने के बाद किसन गावंडे ने कहा कि, वे पार्टी के आदेशों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे. साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके समर्थक अब भाजपा के अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में एकजुट होकर मजबूती से चुनाव प्रचार करेंगे.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.