spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

जरीपटका में वाहन से मिले ₹9.4 लाख

– कुल 9.4 लाख रुपए नंगद जब्त

नागपुर :- मनपा चुनाव के मद्देनजर विभिन्न दस्ते सक्रिय हैं. इसी बीच रविवार की शाम को जरीपटका मुस्लिम कब्रिस्तान के पास एक वाहन से कुल 9.4 लाख रुपए नंगद जब्त किए गए. वाहन में सवार व्यक्ति ने राशि को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए. संबंधित राशि को जब्त कर लिया गया. मंगलवारी जोन के चुनाव निगरानी अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता के तहत नियमित जांच के दौरान की गई. यह जब्ती शाम करीब 6 बजे जरीपटका इलाके में हुई, जो प्रभाग 9 और 10 के बीच आता है. संबंधित राशि का किसी राजनीतिक दल से संबंध होने की बात अब तक सामने नहीं आई है. सूत्रों के मुताबिक, यह नगदी किसी राज्य स्तरीय राजनीतिक दल से संबंधित होने का संदेह जताया जा रहा है और यह भी आरोप है कि इस मामले को कम करके दिखाने के लिए वरिष्ठ मनपा अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है. शाम को उड़नदस्ते के सदस्यों ने एक चारपहिया वाहन को संदिग्ध रूप से घूमते देखा और जांच के लिए रोका. तलाशी के दौरान एक बैग में रखी नगदी बरामद हुई. आचार संहिता के दौरान 2 लाख रुपए से अधिक की नगदी बिना वैध दस्तावेजों के ले जाना प्रतिबंधित है.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वाहन में सवार लोग पैसे के स्रोत और उद्देश्य के बारे में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक स्पष्टीकरण दे पाए. अधिकांश राशि 500 रुपए के नोटों में थी और एक छोटे सूती बैग में रखी गई थी. जब्त राशि को जरीपटका पुलिस थाने में जमा करा दी गई है. वाहन को जब्त नहीं किया गया क्योंकि इस अभियान का उद्देश्य बिना हिसाब की नगदी, हथियार और शराब जैसी वस्तुओं पर कार्रवाई करना है, जिनका इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है. इसी तरह की जांच सभी जोन में की जा रही है और जिनके पास वैध दस्तावेज होते हैं, उन्हें जाने दिया जाता है. प्रोटोकॉल सख्त हैं. इस अवधि में लाइसेंसी हथियार भी ले जाने की अनुमति नहीं है. जब्त नगदी को लेकर आवश्यक दस्तावेज प्राधिकरण के समक्ष पेश करना होगा. तभी राशि लौटाई जाएगी.

Popular Articles