गर्भवती महिला भर्ती करने से किया इनकार

0
49

– डागा अस्पताल में एक बार फिर प्रशासन की संवेदनशीलता पर सवाल

नागपुर :- शहर के प्रतिष्ठित डागा अस्पताल में एक बार फिर प्रशासन की संवेदनशीलता पर सवाल खडेे हो गए हैं. प्रभाग 8 के नगरसेवक वसीम खान ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए देर रात जमकर विरोध जताया. मिली जानकारी के अनुसार, एक 9 माह की गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के चलते रात करीब 1.3० बजे डागा अस्पताल लाया गया था. लेकिन अस्पताल प्रशासन ने महिला को भर्ती करने से साफ इनकार कर दिया और उन्से वापस भेज दिया. मामले की जानकारी मिलते ही नगरसेवक वसीम खान रात 2 बजे अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से महिला को वापस भेजने का कारण पूछा.

डॉक्टरों ने दलील दी कि ऑपरेशन थिएटर में पेस्ट कंट्रोल का काम चल रहा है, जिसके कारण जगह उपलब्ध नहीं है. वसीम खान ने इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए डॉक्टरों से लिखित में कारण मांगा और मरीज को तुरंत मेयो अस्पताल में रेफर करने के लिए कहा ताकि महिला की जान को खतरा न हो. इस घटना को लेकर गुरूवार को नगरसेवक वसीम खान ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ डागा अस्पताल का दौरा किया और अस्पताल प्रशासन को इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लिए आड़े हाथों लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से और इंचार्ज शमशुन खानम से मिलकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.