– जिला परिषद भर्ती में ‘फ्रॉड कॉल’ का खेल
नागपुर :- जिला परिषद के स्वास्थ्य विभाग में चल रही भर्ती प्रक्रिया अब विवादों और धोखाधड़ी के साये में है. चयन सूची (पात्र-अपात्र लिस्ट) में दिए गए उम्मीदवारों के मोबाइल नंबरों का दुरुपयोग कर जालसाज उन्हें फोन कर रहे हैं. नियुक्ति दिलाने के बदले 30,000 रुपये पत्र की मांग की जा के रही है जिससे स्वास्थ्य विभाग और उम्मीदवारों के बीच हड़कंप मच गया है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 81 पदों लिए भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं. 15वें वित्त आयोग और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत 53 पदों के लिए आवेदन पत्रों की जांच चल रही है. जालसाज जिला परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई सूची से उम्मीदवारों के मोबाइल नंबर निकाल रहे हैं. इसके बाद उन्हें सीधे फोन कर चयन पक्का करने और नियुक्ति पत्र दिलाने का लालच दिया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग ने जब इन कॉल आने वाले नंबरों की जांच की तो पाया गया कि वे सभी नंबर अब बंद आ रहे हैं. विभाग के पास फिलहाल 8 से 10 ऐसे संदिग्ध नंबरों की सूची है जिनका उपयोग उम्मीदवारों को ठगने के लिए किया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला परिषद की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है. नियुक्तियां केवल आधिकारिक मेरिट सूची के आधार पर ही की जाती हैं. किसी भी उम्मीदवार से फोन पर पैसे के लेन-देन की बात नहीं की जाती.