आग में 30 एकड़ गेहूं जलकर राख

0
55

– खात-महालगांव परिसर की घटना

मौदा :- मौदा तहसील के अंतर्गत आने वाले खात-महालगांव परिसर में गुरुवार, 19 मार्च दोपहर अचानक लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. दोपहर करीब डेढ़ से ढाई बजे के बीच भड़की इस भीषण आग में लगभग 30 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे 20 से अधिक किसानों को लाखों रु. का नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि खेतों में गेहूं की फसल कटाई के कगार पर थी, तभी अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही समय में पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना की खबर पूरे परिसर में तेजी से फैल

गई. प्रभावित किसानों के साथ आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए. जब पीड़ित किसानों ने अपनी जली हुई फसल देखी तो कईयों की आंखें नम हो गई क्योंकि यही उनकी सालभर की मेहनत और आजीविका का सहारा था. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के पूर्व जिप सदस्य राधा अग्रवाल और पंस सदस्य मुकेश अग्रवाल ने तहसीलदार निंबालकर को सूचित किया. इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और प्रभारी तहसीलदार योगिता दराडे, मंडल अधिकारी आशिष थुल, पटवारी भावना कावले सहित राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया. इस आगजनी में रुखमा लेंडे, योगेश लेडे, लीला लेंडे, रामलाल लांजेवार, शैलेश वैद्य, तेजराम वैद्य, गंगाधर वैद्य, योगेश ठाकरे, रविंद्र चरडे, गणेश कुंजेकर, राज वैद्य, विनोद मोहनकर, अमित बोरकर, लता मोथरकर, गोपाल कारेमोरे, पुरुषोत्तम सहारे सहित कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल पंचनामा कर प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए.