– श्रद्धाः चैत्र नवरात्रि के अवसर पर दर्शनार्थ भक्तों का लगा तांता
कोराडी :- चैत्र नवरात्रि और गुढ़ी पाड़वा के पावन अवसर पर श्री महालक्ष्मी जगदंबा मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ दर्शन किए. मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला. इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अखंड ज्योति प्रज्वलित की. देवी के चरणों में नतमस्तक होकर भक्तों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की. अखंड मनोकामना ज्योत प्रज्वलन कार्यक्रम में राजस्व मंत्री एवं पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा जिलाधिकारी विपिन इटनकर प्रमुखता से उपस्थित थे. उन्होंने भी देवी के दर्शन कर राज्य के नागरिकों के कल्याण की कामना की. इसके अलावा नाना पटोले ने भी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर जगदंबा के दर्शन किए, साथ ही कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी परिवार सहित उपस्थित होकर देवी की पूजा अर्चना की और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की. मंदिर संस्थान के ट्रस्ट और और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए उचित व्यवस्थाएं की गई थीं. सुरक्षा, दर्शन की कतार और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया. चैत्र नवरात्रि और गुढ़ी पाड़वा के इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला.



