– गद्दे-रजाई बनाने वाले व्यापारी को लाखों का नुकसान
यवतमाल :- शहर के अप्सरा टॉकीज क्षेत्र में शनिवार को भीषण आग लगने से गद्दे-रजाई बनाने वाला कारखाना और घर जलकर खाक हो गया। इस घटना से व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अत्यधिक गर्मी के कारण कपास में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। यवतमाल सहित विदर्भ क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
वहीं, गैस सिलेंडर फटने से भी बाल-बाल बचाव हुआ, जिससे एक और बड़ा खतरा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में भले ही जानमाल का बड़ा नुकसान टल गया हो, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी अधिक हुआ है।अचानक आई इस आपदा से कानोजे परिवार गहरे सदमे में है, और पूरे इलाके में उनके प्रति सहानुभूति व्यक्त की जा रही है।



