ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा वार, खार से नाइजीरियन गिरफ्तार

0
56

– करोड़ों की कोकीन और MDMA बरामद

मुंबई :- नेस्को ड्रग्स पार्टी मामले के बाद पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है. शहर में ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ अब खुला अभियान छेड़ दिया गया है. इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. खार इलाके में छापेमारी कर एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के पास से करोड़ों रुपये की ड्रग्स बरामद हुई है. इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मुंबई पुलिस ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. पुलिस अब हर स्तर पर इस नेटवर्क को तोड़ने में जुटी हुई है.

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल लगातार ड्रग्स सप्लायर्स और पेडलर्स पर शिकंजा कस रही है. ताजा मामला खार इलाके का है, जहां से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई वर्ली यूनिट की टीम ने की. पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी और इलाके में हर गतिविधि पर नजर रख रही थी. इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में नजर आया. उसके हावभाव और व्यवहार से पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना रात करीब 11:15 बजे की है. टीम जब शर्ली राजन रोड, खार पश्चिम स्थित सी-सैंड बिल्डिंग के पीछे पहुंची, तब एक अफ्रीकी मूल का व्यक्ति साइड बैग लेकर खड़ा था. पुलिस वाहन को देखते ही वह तेजी से वहां से निकलने लगा. उसकी इस हरकत ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया. टीम ने तुरंत उसे घेरकर रोक लिया और उसकी तलाशी ली. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम इजे इजेकियल नजोकू (39) बताया.