spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नगर परिषद कार्यालय पर ढोल बजाकर प्रदर्शन

– पांच गुना कर वृद्धि के खिलाफ फूटा जनआक्रोश

वर्धा :- आर्वी नगर परिषद द्वारा की गई भारी कर वृद्धि के विरोध में मंगलवार को नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस नेता और प्रहार सोशल फोरम के संस्थापक अध्यक्ष बाला जगताप के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर ढोल-ताशे बजाकर जोरदार आंदोलन किया।

यह संयुक्त आंदोलन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस, प्रहार सोशल फोरम, ऑटो यूनियन और निर्माण कामगार संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद ने घरों पर लगाया जाने वाला कर पांच गुना तक बढ़ा दिया है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण और जनविरोधी है।

आंदोलनकारियों का कहना था कि जहां एक ओर करों में भारी वृद्धि की गई है, वहीं नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। शहर में नालियां जाम हैं, मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।इसके अलावा, कचरा संग्रहण व्यवस्था भी चरमराई हुई है। कई क्षेत्रों में नियमित रूप से कचरा गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 2 और 12 में गंभीर जल संकट बना हुआ है, जहां आठ-आठ दिनों में पानी की आपूर्ति हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जब तक नई पाइपलाइन व्यवस्था शुरू नहीं होती, तब तक प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शहर में ऑटो स्टैंड की व्यवस्था, निर्माण कामगारों को घरकुल योजना का लाभ और अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग भी की गई।

आंदोलन के दौरान सड़कों पर निकले मोर्चे और ढोल-ताशों की आवाज से पूरे शहर का ध्यान इस मुद्दे की ओर गया। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि कर वृद्धि वापस नहीं ली गई और मूलभूत सुविधाएं नहीं सुधारी गईं, तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा।

Popular Articles