– एसटी महामंडल में 24 नई राजमाता जिजाऊ बसें शामिल
नागपुर :- महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) के बेड़े में राजमाता जिजाऊ 24 नई बसें शामिल की गई। पहले चरण में 50 बसें और दूसरे चरण में 50 बसें मिलेंगी। इस तरह नागपुर विभाग को कुल 100 बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। सदर स्थित जिला नियोजन भवन में आयोजित लोकार्पण समारोह में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 5 बसें रामटेक, 5 काटोल, 5 सावनेर, 5 वर्धा और 4 वर्धमान नगर डिपो को दी गई हैं। ये बसें नागपुर से सावनेर, काटोल, रामटेक, जलालखेड़ा, काटोल-नरखेड़, उमरेड-मांढल और रामटेक मौदा मागों पर चलाई जाएंगी।
वर्तमान में नागपुर में शिवशाही एसी बसें, हिरकणी श्रेणी की बसें और पारंपरिक लाल परी बसें संचालित हैं। हाल ही में शिवाई नाम से ई-बसें भी शुरू की गई हैं। अब राजमाता जिजाऊ बसों के जुड़ने से सेवा और मजबूत होगी। दरअसल, लाल बसों की संख्या समयावधि पूरी होने के कारण तेजी से घट रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मांग को देखते हुए राज्य स्तर पर 3,000 नॉन-एसी ‘राजमाता जिजाऊ’ बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें से 100 बसें नागपुर विभाग को दी जा रही हैं। इन बसों का किराया लाल बसों के समान होगा और इनमें 55 से 60 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। इससे लाल बसों की कमी काफी हद तक पूरी होगी। नई बसों में सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक बस में 4 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे आपराधिक गतिविधियों और विवादों पर नियंत्रण रखा जा सके। इसके अलावा बसों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है और हर सीट पर पैनिक बटन उपलब्ध है, जिससे आपात स्थिति में यात्री तुरंत सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

