spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

शोपीस बना वाटर कूलर, यात्री परेशान

– पानी तो है, पीने की व्यवस्था नहीं

नागपुर :- तेज धूप और भीषण गर्मी कहर ढा रही है. आसमान आग उगल रहा है. प्रशासन द्वारा लोगों से दोपहर के वक्त बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने समेत अन्य सावधानी बरतने की अपील की जा रही है. गर्मी के कहर के बीच एयरपोर्ट पर यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बता दें कि एयरपोर्ट पर स्थापित वाटर कूलर शोपीस बन चुका है. हालांकि वाटर कूलर में पीने का ठंडा पानी तो मौजूद है लेकिन पीने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है. इस कारण भीषण गर्मी में एयरपोर्ट पर यात्रियों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है. वाटर कूलरों में पानी उपलब्ध होने के बावजूद पीने की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को प्यास से हलाकान होना पड़ रहा है. यात्रियों का कहना है कि यहां पानी पीने के लिए एक गिलास तक उपलब्ध नहीं है. मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है.

यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी में एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा यात्रियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए – वाटर कूलर लगाना अच्छी पहल है लेकिन प्रबंधन द्वारा पानी पीने के लिए कोई व्यवस्था नहीं होना अचंभित करता है. इससे यह संदेह उत्पन्न होता है कि यह पानी की सीलबंद बोतल बेचने का नया हथकंडा है. यात्रियों ने पानी पीने के लिए पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है.

हाल ही में ईंधन में हुई बढ़ोतरी के कारण महंगाई बढ़ गई है. ऐसे में पीने का पानी निःशुल्क उपलब्ध होने के बावजूद सीलबंद बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं. एयरपोर्ट पर सीलबंद बोतलें अतिरिक्त शुल्क में बेची जाती हैं. इससे यात्रियों की जेब पर भार बढ़ा है.

66 भीषण गर्मी में बस अड्डों, रेलवे स्टेशन समेत कई स्थानों पर पीने का पानी उपलब्ध नहीं होता है. एयरपोर्ट पर यात्रियों को तपती गर्मी में राहत देने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध है. एयरपोर्ट प्रबंधन को यात्रियों के पानी पीने के लिए उचित व्यवस्था करना होगा.

Popular Articles