शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना संगठन को नई धार, नागपुर में कानून विभाग की नियुक्तियों से टीम हुई और मजबूत

0
20

नागपुर :- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना लगातार अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी क्रम में नागपुर के रविभवन में शिवसेना कानून विभाग के नागपुर एवं वर्धा जिलों के पदाधिकारियों का भव्य नियुक्ति समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी की कानूनी टीम को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम में शिवसेना के संपर्क प्रमुख एवं पूर्व सांसद संजय निरुपम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके करकमलों से नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान शिवसेना प्रमुख स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे के विचारों को आगे बढ़ाने तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।

इस अवसर पर एडवोकेट मंगेश लाढे को शिवसेना कानून विभाग का नागपुर जिला अध्यक्ष तथा एडवोकेट चेतन मदान को वर्धा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं एडवोकेट संदीप नागपुरे को शिवसेना कानून विभाग का हाई कोर्ट, नागपुर प्रभारी बनाया गया। पार्टी नेतृत्व ने उनके अनुभव, कानूनी दक्षता और संगठनात्मक क्षमता पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हाई कोर्ट स्तर पर पार्टी की कानूनी गतिविधियों को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। इसके अलावा एडवोकेट हिमांशु मांडवकर, एडवोकेट प्रतीक पाटिल, एडवोकेट मो. अशर कुरैशी, एडवोकेट मकरंद जोगवार, एडवोकेट हेमंत फटींग, एडवोकेट प्रवेश बनसोड, एडवोकेट कृष्णासाई करुतुरी, एडवोकेट मुकेश रणदिवे तथा एडवोकेट शुभम मून को भी विभिन्न न्यायालयों एवं न्यायाधिकरणों के लिए महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए।

यह पूरी टीम पूर्व विदर्भ अध्यक्ष एडवोकेट बुरहानुल हसन शेख के मार्गदर्शन में कार्य करेगी। पार्टी की कानूनी व्यवस्था को मजबूत करना, संगठन का विस्तार करना और आम नागरिकों को न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाना इस टीम की प्राथमिकता होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना संगठनात्मक, सामाजिक और कानूनी सभी मोर्चों पर तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। नई नियुक्तियां इसी रणनीति का हिस्सा हैं, जिससे पार्टी की कार्यक्षमता और जनसेवा दोनों को नई गति मिलेगी।

समारोह में बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कानून विभाग में की गई ये नियुक्तियां शिवसेना की संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।