– युवती के पिता ने युवक पर डंडे से किया जानलेवा हमला
नागपुर :- न्यू कामठी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवती से मिलने पहुंचे 23 वर्षीय युवक पर युवती के पिता ने कथित रूप से लकड़ी के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं तो आरोपी पर युवक का ऑटो से पीछा कर उसे टक्कर मारने का भी आरोप है। घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान पुरानी खलासी लाइन, कामठी निवासी जमशेर उर्फ जम्मू मुनीर खान (23) के रूप में हुई है। उसका आरोपी की 22 वर्षीय बेटी से प्रेम संबंध था। रविवार रात करीब 11:30 बजे जमशेर युवती से मिलने उसके घर, कुंभारे कॉलोनी पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवती के पिता ने घर में रखा लकड़ी का डंडा उठाकर जमशेर के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद युवक अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागा, लेकिन आरोपी ने ऑटो से उसका पीछा किया और उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक ने अपने भाई गुलशेर खान को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर न्यू कामठी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।





