– नशे की गोलियां और ब्लेड भी मिलीं
नागपुर :- नागपुर के सेंट्रल जेल में कारागृह के सिपाही ने ही सुरक्षा भेदने का प्रयास किया। सेंट्रल जेल के भीतर चरस और नशीली गोलियां ले जाते सिपाही को वहां तैनात पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ा गया। धंतोली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सिपाही को हिरासत में ले लिया है। इस घटना से जेल विभाग में भी खलबली मच गई है। अब तक तो अपराधी ही इस तरह की गतिविधियों में सक्रिय थे लेकिन सिपाही के इस कृत्य से पूरा विभाग सकते में है। पकड़े गये आरोपी की पहचान लालगंज गुजरी, इतवारी निवासी विकास उमेश सहारे (29) के रूप में की गई है।
जानकारी के रोज की तरह जेल के मुख्य प्रवेश द्वार से एंट्री करने वाले सभी कर्मचारियों की तलाशी ली जा रही थी। विकास की तलाशी लेते समय हेड कांस्टेबल सुरेश बावने को 39 ग्राम चरस, नीले रंग की 35 नशीली गोलियां और 5 सर्जिकल ब्लेड मिलीं। उसने तुरंत आला अधिकारियों को जानकारी दी गई। एसपी वैभव आगे ने तुरंत धंतोली पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर साईंनाथ रामोड और पीएसआई हैदर मौके पर पहुंचे। विकास से करीब 3 लाख रुपये का माल बरामद किया गया। बताया जाता है कि 1 वर्ष पहले विकास जेल सेवा में भर्ती हुआ। कुछ दिन पहले ही उसका विवाह हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। एसपी आगे ने बताया कि शुक्रवार को उसे निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी।





