– कारोबारियों को बड़ी राहत,घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं
नई दिल्ली :- महीने की शुरुआत कारोबारियों के लिए राहत की खबर लेकर आई है। तेल विपणन कंपनियों ने 1 अगस्त 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब 200 रुपए तक की कटौती की है। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं। इसका सीधा फायदा होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैफे, मिठाई की दुकानों और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को मिलेगा।
नई दरों के मुताबिक दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 200 रुपए की कमी की गई है। कोलकाता में 209 रुपए, मुंबई में करीब 194 रुपए और चेन्नई में 200 रुपए की राहत मिली है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
शहरवार कमर्शियल एलपीजी की नई दरें
शहर नई कीमत पुरानी कीमत कमी
दिल्ली रु.2,738 रु.2,930 रु.192
कोलकाता रु.2,872.50 रु.3,081.50 रु.209
मुंबई रु.2,691.50 रु.2,885.50 रु.194
चेन्नई रु.2,906 रु.3,106 रु.200
कारोबारियों के खर्च पर पड़ेगा असर
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैफे, मिठाई की दुकानों और कैटरिंग कारोबार में होता है। कीमतों में कमी से इन कारोबारों की परिचालन लागत घट सकती है। इसका असर आगे चलकर चाय-नाश्ते, भोजन और कैटरिंग जैसी सेवाओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों में बड़े पैमाने पर कमर्शियल सिलेंडरों का इस्तेमाल होता है। ऐसे में कैटरिंग कारोबारियों को भी सिलेंडर की कीमत घटने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत नहीं
तेल कंपनियों ने इस बार केवल 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम पहले की तरह ही लागू रहेंगे। इसलिए कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती का सीधा लाभ घरेलू गैस उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा।





