– 23 वर्षीय मुस्कान की मौत से खलबली; प्रताड़ना का आरोप
रोहतक :- हरियाणा के रोहतक जिले के बाहू अकबरपुर गांव में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान बल्हारा की मौत का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार मुस्कान रोहतक के मेहम क्षेत्र के फरमाना गांव की रहने वाली थीं। उनका विवाह दिसंबर 2023 में कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा से हुआ था। दंपति का एक बेटा भी है, जिसका जन्म पिछले साल नवंबर में हुआ था।पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। रोहतक के पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शीलू बल्हारा से भी पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
घटना के बाद मुस्कान के मायके पक्ष के लोगों ने उनके साथ कथित प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए घर के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले मुस्कान ने सोशल मीडिया पर एक पंजाबी गीत पर बनाई गई रील भी पोस्ट की थी।
कम उम्र से कबड्डी में सक्रिय हैं शीलू
शीलू बल्हारा ने कम उम्र में ही खेलों की शुरुआत की थी। कबड्डी में आने से पहले उन्होंने जूडो और कुश्ती का प्रशिक्षण लिया था। बाद में उन्होंने कबड्डी को अपना करियर बनाया। वे भारत के साथ-साथ विदेशों में भी विभिन्न टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पंजाब में उन्हें ‘हरियाणा का चीता’ नाम से भी जाना जाता है। वे कबड्डी में ‘कैचर’ की भूमिका निभाते हैं।





