रामटेक :- शहर के जयप्रकाश वार्ड क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को 8 फिट लंबे अजगर के मिलने से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पता चला कि अजगर ने एक मुर्गी निगली थी। घटना की सूचना मिलते ही सर्पमित्र मौके पर पहुंचे, अजगर को पकड़ा और प्रकृति की गोद में जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
जयप्रकाश वार्ड इलाके में स्थानीय निवासी रहमान शेख के घर में 8 फिट लंबा अजगर मिला। अजगर ने एक जिंदा मुर्गी निगली थी और उसे चलने में दिक्कत हो रही थी। अजगर को देखते ही इलाके के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत सर्पमित्र सागर धावडे और इरफान पठान को सूचना दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अजगर की हालत और लंबाई को देखते हुए दोनों सर्पमित्र ने अजगर को बड़ी सावधानी से बचाया। वन विभाग के मार्गदर्शन में अजगर को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। अगर कहीं कोई सांप मिले तो उसे नुकसान पहुंचाए बिना तुरंत किसी प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग से संपर्क करने की अपील सर्पमित्रों द्वारा की गई।





