spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नकली नोटों के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

– शराब दुकान में 500 रुपये की नोट चलाने पहुंचे थे आरोपी, पूलिस ने दबोचा

नागपुर :- कलमेश्वर पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी नोटों का बाजार में चलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 500 रुपये के कुल 50 नकली नोट जब्त किए हैं।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के तथा सावनेर उप विभागीय पुलिस अधिकारी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक सागर खर्डे के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को कलमेश्वर शहर के बाजार चौक स्थित ईखार वाइन शॉप में दो युवक 500 रुपये की नकली नोट देकर देसी शराब खरीदने पहुंचे थे। आरोपियों की पहचान बंजर वार्ड नंबर 13, बमनी, जिला मंडला (मध्य प्रदेश) निवासी दिलीप कुंदीलाल यादव (39) और डोरली छत्रपुर, महाल बाबा चौक, जिला सिवनी (मध्य प्रदेश) निवासी सुनील अशोक यादव (32) के रूप में हुई। दोनों ने दुकान के मैनेजर नरेंद्र शंकरराव वालदे (49) को 500 रुपये की नोट दी। नोट हाथ में लेते ही मैनेजर को उस पर संदेह हुआ। उन्होंने नोट की असली 500 रुपये की नोट से तुलना की, तो अंतर नजर आया। इसके बाद उन्होंने तत्काल कलमेश्वर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली। उनके पास से 500 रुपये की सात नकली नोटें बरामद हुईं। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें ये नकली नोट उनके ठेकेदार वरोड़ा, तह.कलमेश्वर, जि.नागपुर निवासी परमलाल भभु सिंह मालवी (25) ने दिए थे। इसके बाद पुलिस ने परमलाल मालवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये की 43 नकली नोटें बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 50 नकली नोटें जब्त की हैं। मामले की आगे की जांच कलमेश्वर पुलिस कर रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.