spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

इस्लामाबाद के अस्पताल में आग, 15 नवजातों की मौत

– AC कंप्रेसर में विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी, 16 में से सिर्फ एक बचा

इस्लामाबाद :- पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार, 26 अगस्त की सुबह एक अस्पताल में हुए दर्दनाक अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) अस्पताल के गायनेकोलॉजी वार्ड स्थित नर्सरी में आग लगने से 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। हादसे के समय नर्सरी में कुल 16 नवजात मौजूद थे। रेस्क्यू टीमों की कोशिशों के बावजूद सिर्फ एक बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नर्सरी में लगे एयर कंडीशनर (एसी) के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग लगी। देखते ही देखते आग ने नर्सरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं के बीच अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और नवजातों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

16 में से सिर्फ एक की बची जान

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, घटना के वक्त नर्सरी में 16 नवजात शिशु भर्ती थे। आग लगने के बाद रेस्क्यू टीमों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन 15 नवजातों को नहीं बचाया जा सका। केवल एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली। इस हादसे ने नवजातों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिन परिवारों के बच्चे अस्पताल की निगरानी में थे, उन्हें अचानक हुए इस हादसे की खबर से भारी आघात पहुंचा।

आग पर काबू, कूलिंग ऑपरेशन जारी

रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। इसके बाद घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक तौर पर एसी कंप्रेसर में विस्फोट को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों और घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई या नहीं, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.