– तेज धारदार हथियार से हमला कर की हत्या
नागपुर :- सीताबर्डी थाना क्षेत्र में एमएलए हॉस्टल के पास एक गली में सोमवार आधी रात के बाद 25 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 12.30 बजे के बाद की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान अंबाझरी थाना क्षेत्र के तेलंगखेड़ी निवासी आकाश सुरेश नेवारे (25) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही सीताबर्डी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बाद में क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस व्यक्तिगत विवाद, पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय आकाश के साथ कौन मौजूद था, वह वहां किस कारण से गया था और हमला करने वाले आरोपी कौन थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और शरीर पर लगी चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। सीताबर्डी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





