– 25 हजार की देसी-विदेशी शराब जब्त
नागपुर :- भांडेप्लॉट के सेवादल नगर इलाके में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस आयुक्त के एस्कॉर्ट दस्ते ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से देसी-विदेशी शराब और नकदी समेत कुल 25 हजार 70 रुपए का माल जब्त किया गया। मामले में सक्करदरा थाने में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मंगलवार रात पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल के एस्कॉर्ट दस्ते की टीम शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि संदीप सूर्यभान उरकुडे (42) सेवादल नगर स्थित अपने घर से अवैध रूप से देसी-विदेशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एपीआई भगवान कोली ने सक्करदरा पुलिस की टीम को मौके पर बुलाया। पंचों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी लेने पर 15 हजार 270 रुपए की विदेशी शराब, 8 हजार रुपए कीमत की संत्रा देसी शराब की 200 बोतलें और 1 हजार 800 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने कुल 25 हजार 70 रुपए का माल जब्त किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में एस्कॉर्ट पथक प्रमुख एपीआई भगवान कोली, पीएसआई चेतन सिंह राजपूत और उनकी टीम ने की।





