– बैंक ऑफ महाराष्ट्र गोरेगांव शाखा में भीड़ और असुविधा का आलम
गोंदिया :- बैंक ऑफ महाराष्ट्र की गोरेगांव शाखा में पिछले कुछ दिनों से केवाईसी कराने के लिए आने वाले किसान, महिलाएं, छात्र छात्राएं व ग्रामीण आम जनता को परेशानी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बायोमेट्रिक एवं फिंगरप्रिंट के माध्यम से केवाईसी प्रक्रिया होने के कारण दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक शाखा पहुंच रहे हैं।
आम जनता का आरोप है कि लंबी कतारों के बावजूद पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और व्यवस्थित प्रक्रिया का अभाव है।बारिश के मौसम में दूर से आने वाले नागरिकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ खातेदारों ने बैंक कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। केवाईसी के लिए कितने खाते लंबित हैं? प्रतिदिन कितने खातेदारों की केवाईसी हो रही है? नागरिकों के लिए अतिरिक्त काउंटर अथवा सुविधा क्यों उपलब्ध नहीं कराई जा रही? ऐसे सवाल अब नागरिकों द्वारा उठाए जा रहे हैं।
बैंक प्रशासन एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की दखल लेकर केवाईसी प्रक्रिया को सरल और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाएंगे क्या? इस ओर ग्रामीण खातेदारों का ध्यान लगा हुआ है।





