नागपुर :- जूनी कामठी पुलिस थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी और पीड़िता के बीच दिसंबर महीने से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, फरियादी ने अपनी नातिन को आरोपी भावेश राजेश मेश्राम (20) से नहीं मिलने के लिए समझाया था। हालांकि, इसके बावजूद नाबालिग के कई बार घर छोड़कर जाने की बात शिकायत में दर्ज है। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी नाबालिग को एक स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद पीड़िता 4 माह की गर्भवती हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता को जांच के लिए कामठी जिला अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच और शिकायत के आधार पर जूनी कामठी पुलिस ने संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





