NEET-PG में नागपुर के डॉ. रजत रोगे राज्य में प्रथम

0
2

– 616 अंक हासिल कर देश में प्राप्त किया 17वां स्थान

नागपुर :- नीट-पीजी परीक्षा में नागपुर के डॉ. रजत रोगे ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 720 में से 616 अंक प्राप्त किए। उन्होंने देशभर में 17वां स्थान हासिल किया, जबकि राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने का दावा किया जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से नागपुर शहर और जिला परिषद शिक्षक परिवार का नाम रोशन हुआ है।

नीट-पीजी परीक्षा में देशभर से करीब 2.5 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। डॉ. रजत के परिणाम की जानकारी मिलते ही मानेवाड़ा स्थित उनके निवास पर बधाई देने के लिए परिचितों और मित्रों का पहुंचना शुरू हो गया। डॉ. रजत के पिता किशोर रोगे सावनेर पंचायत समिति में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां वैशाली रोगे नागपुर पंचायत समिति में कार्यरत हैं। दोनों शिक्षक हैं। बेटे की सफलता पर रोगे दंपति ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें डॉ. रजत की उपलब्धि पर गर्व है। प्रियदर्शिनी शिक्षण महाविद्यालय, सोनेगांव के प्राचार्य सुभाष खाकसे, जुपिटर जूनियर कॉलेज के प्राचार्य रामानंद नन्नावरे, जिला परिषद हाईस्कूल के पूर्व प्राचार्य विजय थुल, जिला परिषद शिक्षिका रंजना गजबे, मीनल देवरणकर, अविनाश महाजन, केंद्र प्रमुख जुगलकिशोर बोरकर, मोहन जुमड़े और गिरीश बाल्की ने रोगे परिवार से मुलाकात कर डॉ. रजत को बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. रजत का पुष्पगुच्छ, उपहार और डॉ. बाबासाहब आंबेडकर द्वारा लिखित पुस्तक भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित शिक्षकों ने उनकी सफलता को प्रेरणादायी बताते हुए जिला परिषद शिक्षक समुदाय और नागपुर के लिए गौरव का विषय बताया।

सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डॉ. रजत रोगे ने कहा कि उन्हें इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के साथ उचित योजना बनाकर निरंतर प्रयास करना चाहिए। परिवार का सहयोग भी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मिले सम्मान से उन्हें भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा मिली है। अंत में जिप शिक्षक अविनाश महाजन ने आभार व्यक्त किया।