– परिवार के लिए उम्मीदवारी मांगने की प्रवृत्ति से समाज का भला नहीं होता
नागपुर :- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि समाज की प्रगति केवल चुनावी प्रतिनिधित्व या सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के लोगों के सामूहिक प्रयासों से संभव है। उन्होंने कहा कि चुनाव में उम्मीदवारी मांगने के बजाय जमीन पर रहकर समाज के लिए काम करने वाले नेतृत्व की जरूरत है।
महल स्थित शिक्षक सहकारी बैंक सभागृह में चर्मकार सेवा संघ, महाराष्ट्र राज्य की ओर से आयोजित मेधावी विद्यार्थियों, गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान समारोह और समाज मेले में गडकरी बोल रहे थे। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। गडकरी ने कहा कि कई लोगों ने उनसे अपने समाज के लोगों को उम्मीदवारी देने और नगरसेवक बनाने की मांग की। लेकिन केवल उम्मीदवारी मिलने से समाज का कल्याण नहीं होता। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कुछ लोग अपने परिवार के सदस्यों और यहां तक कि निजी सहायकों के लिए भी उम्मीदवारी मांगने लगते हैं। समाज के लिए काम करने की वास्तविक इच्छा रखने वाला नेतृत्व ही समाज की ताकत बन सकता है। उन्होंने समाज के युवाओं से शिक्षा के साथ कौशल विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति का आधार शैक्षणिक विकास है। युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने का प्रयास करना चाहिए। शिक्षा रोजगारोन्मुख होने के साथ ज्ञान और कौशल से जुड़ी होनी चाहिए।
धापेवाड़ा में टेक्सटाइल मिल का 16 को उद्घाटन
गडकरी ने बताया कि धापेवाड़ा में चिंधियों से कालीन बनाने और टसर की साड़ियां तैयार करने का काम किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। यहां तैयार होने वाली साड़ियों की मांग बढ़ी है। टेक्सटाइल मिल का उद्घाटन 16 अक्टूबर को अभिनेत्री हेमामालिनी की उपस्थिति में होगा। उनके बताए डिजाइन के अनुसार तैयार की गई साड़ी उन्हें भेजी गई है और वे उसी साड़ी को पहनकर कार्यक्रम में शामिल होंगी।
गडकरी ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा के साथ सिलाई, कढ़ाई, चमड़े की वस्तुएं बनाने, नर्सिंग और वाहन चलाने जैसे कौशल भी जरूरी हैं। कौशल आधारित शिक्षा से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर निर्माण हो सकते हैं।



