– आयोवा में 15 अरब डॉलर का निवेश, 2030 से उत्पादन शुरू होने का अनुमान
वॉशिंगटन :- भारत का एस्सार ग्रुप अमेरिका में करीब 18 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बना रहा है। इसमें आयोवा में 15 अरब डॉलर की लागत से प्रस्तावित स्टील प्लांट भी शामिल है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में इस परियोजना की घोषणा की। एस्सार की अमेरिकी सब्सिडियरी मेसाबी मेटालिक्स प्लांट का निर्माण करेगी।
ट्रंप ने इसे अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बताया। प्रस्तावित प्लांट में 2030 से उत्पादन शुरू होने का अनुमान है। पूरी क्षमता पर यहां सालाना करीब 1 करोड़ टन स्टील का उत्पादन होने की बात कही गई है। व्हाइट हाउस के अनुसार, स्टील उत्पादन की पूरी प्रक्रिया अमेरिका में ही होगी। इस परियोजना के लिए लौह अयस्क कंपनी के मिनेसोटा स्थित ऑपरेशन्स से उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह यह अमेरिका में एक एकीकृत स्टील सप्लाई चेन का हिस्सा बनेगा।
ट्रंप ने अमेरिकी स्टील उद्योग में निवेश बढ़ने का श्रेय स्टील आयात पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ को दिया। वहीं, मेसाबी मेटालिक्स के चेयरमैन रेवंत रुइया ने अमेरिका में विनिर्माण को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए ट्रंप का आभार जताया।
1969 में हुई थी एस्सार की शुरुआत
एस्सार ग्रुप की स्थापना 1969 में शशि रुइया और रवि रुइया ने की थी। ग्रुप ऊर्जा, खनन, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में कारोबार करता है। इसकी अमेरिकी सब्सिडियरी मेसाबी मेटालिक्स मिनेसोटा के नैशवॉक में स्थित है और 2007 से वहां काम कर रही है। कंपनी ने 2007 में मिनेसोटा स्टील का अधिग्रहण किया था।



