– कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, प्रतीकात्मक पुतला फूंका, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग
नागपुर :- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। शहर और जिला ग्रामीण कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संविधान चौक से जिलाधिकारी कार्यालय की ओर मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय से कुछ दूरी पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की और उन पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

प्रतीकात्मक पुतला फूंका
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर विरोध जताया। एक कार्यकर्ता ने ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहन रखा था और उसे प्रतीकात्मक रूप से बेड़ियां भी लगाई गई थीं। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए।
एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। पार्टी ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग भी की।
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल्ल गुढधे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष बस, पूर्व मंत्री सुनील केदार, पूर्व विधायक अशोक धवड, प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे, रविंद्र दरेकर, पूर्व जिला परिषद सदस्य कुंदा राऊत, अवंतिका लेकुरवाले, याज्ञवल्क्य जिचकार, मिथिलेश कांबरे, दिनेश यादव, आसिफ शेख, अजीत सिंह और सतीश पाली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।



