– मानकापुर में दर्दनाक सड़क हादसा
नागपुर :- मानकापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-स्कूटर चला रही उसकी सहेली मामूली रूप से घायल हो गई। हादसा गोधनी-झेंडा चौक रोड पर शाम करीब 5:45 से 6 बजे के बीच हुआ। मृतका की पहचान जरीपटका निवासी मुस्कान देवाचंद खियालदासानी (19) के रूप में हुई है। मुस्कान बोखारा स्थित झुलेलाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बी.टेक द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। हादसे के समय वह अपनी सहेली राजलक्ष्मी लोखंडे के साथ ई-स्कूटर क्रमांक एमएच-49/सीए-6573 से जा रही थी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोधनी से झेंडा चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर उनकी ई-स्कूटर की 10-चक्का डंपर क्रमांक एमएच-40/बीजी-3114 से टक्कर हो गई। टक्कर के दौरान स्कूटर के पीछे बैठी मुस्कान सड़क की दाहिनी ओर जा गिरी और डंपर के पिछले हिस्से के नीचे आ गई। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटर चला रही राजलक्ष्मी को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय नागरिकों की मदद से पुलिस ने डंपर को रोककर चालक को हिरासत में ले लिया। आरोपी चालक की पहचान नारी-कपिल नगर निवासी दामोदर सीताराम सहारे (61) के रूप में हुई है। मानकापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थितियों में हुआ और डंपर की गति कितनी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।


