– बोलीं- अपनी मिट्टी में मरना पसंद करूंगी
नई दिल्ली :- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि गिरफ्तारी, जेल या जान जाने का खतरा उन्हें ढाका लौटने से नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि अपने लोगों से दूर रहने के बजाय, वह अपनी मातृभूमि में मरना ज्यादा पसंद करेंगी। आईएएनएस को दिए एक विशेष ऑडियो इंटरव्यू में हसीना ने कहा कि जो उन्हें सही लगता है, उसे करने से उन्हें कभी डर नहीं रोक पाया। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी राजनीतिक अनिश्चितता और अपनी सुरक्षा को लेकर खतरों के बावजूद वह बांग्लादेश लौट चुकी हैं।
‘मेरे पहुंचते ही मुझे गिरफ्तार कर लिया जाएगा‘
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘देखिए, मैं खतरों को अच्छी तरह समझती हूं। हो सकता है कि पहुंचते ही मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए। वे मुझे जेल भेज सकते हैं। यहां तक कि वे मुझे मारने की कोशिश भी कर सकते हैं। मैंने इन सभी संभावनाओं के बारे में सोच लिया है। लेकिन, आपको पता है, मैंने बहुत पहले ही अपनी निजी सुरक्षा की चिंता करना छोड़ दिया था। 1981 में सैन्य शासन के बावजूद मैं बांग्लादेश लौटी थी। फिर 2007 में भी मैं लौटी, जबकि मुझे पता था कि सेना समर्थित सरकार मुझे गिरफ्तार कर सकती है। मैंने जेल का सामना किया है और मेरी जान लेने की कई बार कोशिशें भी हुई हैं। जो मुझे सही लगता है, उसे करने से मुझे कभी डर नहीं रोक पाया।’
बांग्लादेश के हालात पर जताई चिंता
बांग्लादेश के बिगड़ते हालात पर गहरी चिंता जताते हुए हसीना ने कहा कि देश एक बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। उनकी पार्टी अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, आम लोग परेशान हैं और कई परिवारों के घर तथा आजीविका छिन गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बांग्लादेश के लोगों ने जो मुश्किलें झेली हैं, उन्होंने उनके लौटने और लोगों के साथ खड़े होने के संकल्प को और मजबूत किया है, भले ही इससे उनकी जान को खतरा क्यों न हो।
‘अपने ही लोगों के बीच मरना पसंद करूंगी‘
वहीं, बांग्लादेश में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर हसीना ने कहा, ‘आज मेरा देश एक बहुत ही बुरे दौर से गुजर रहा है। हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को सताया जा रहा है। आम लोग तकलीफ झेल रहे हैं और परिवारों के घर और रोजी-रोटी छिन रही है। जब मेरे लोग इतनी मुश्किलें झेल रहे हैं, तो मैं उनसे दूर कैसे रह सकती हूं? मैंने अपना पूरा राजनीतिक जीवन बांग्लादेश के लोगों के साथ बिताया है। मेरे साथ चाहे जो भी हो, मैं उनके साथ खड़ी रहना चाहती हूं। अगर मुझे मरना ही है, तो मैं अपने ही देश की मिट्टी पर, अपने ही लोगों के बीच मरना पसंद करूंगी।’






