spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

एनर्जी ड्रिंक पीने वालों के लिए खतरे की घंटी

– कार्डियक अरेस्ट का जोखिम 11 गुना, युवाओं को सबसे ज्यादा खतरा

वाशिंगटन :- साइंस डेली पर प्रकाशित एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, एनर्जी ड्रिंक्स और उत्तेजक सप्लीमेंट्स का सेवन कार्डियक अरेस्ट और हार्ट अटैक के गंभीर खतरों से जुड़ा पाया गया है। यह शोध अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के साइंटिफिक सेशंस 2026 में प्रस्तुत किया गया है।

शोधकर्ताओं ने 2017 से 2025 के बीच 13 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों से जुड़े एफडीए के प्रतिकूल घटना डेटाबेस का विश्लेषण किया। कैफीन और अन्य उत्तेजक तत्वों वाले उत्पादों की तुलना बिना उत्तेजक वाले उत्पादों (जैसे सॉफ्ट ड्रिंक, स्मूदी और विटामिन) से की गई। कैफीन और उत्तेजक उत्पादों से जुड़ी रिपोर्टों में कार्डियक अरेस्ट का खतरा अन्य उत्पादों की तुलना में लगभग 11 गुना अधिक पाया गया। वहीं, एनर्जी ड्रिंक्स और सप्लीमेंट्स से संबंधित मामलों में दिल का दौरा लगभग 4.5 गुना अधिक दर्ज किया गया।

एक्सरसाइज करने, वजन घटाने में मददगार होते हैं उत्तेजक सप्लीमेंट्स

ये ऐसे पाउडर, गोलियां या लिक्विड शॉट्स होते हैं जिन्हें लोग जिम में एक्सरसाइज करने, वजन घटाने या पढ़ाई के दौरान ध्यान केंद्रित करने के लिए लेते हैं। इनमें कैफीन के अलावा ग्वाराना, ग्रीन टी एक्सट्रैक्ट और कई प्रकार की जड़ी-बूटियां मिली होती हैं जो शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करती हैं। जिम जाने वाले युवाओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले प्री-वर्कआउट पाउडर, फैट बर्नर गोलियां और छोटे एनर्जी शॉट्स इसी श्रेणी में आते हैं। ये शरीर में एड्रेनालाईन हार्मोन को बढ़ा देते हैं, जिससे दिल की धड़कन और रक्तचाप तेजी से बढ़ता है।

तुरंत चुस्ती-फुर्ती देते हैं एनर्जी ड्रिंक्स

ये ऐसे पैकेटबंद या कैन वाले पेय पदार्थ हैं जिन्हें पीकर लोग तुरंत चुस्ती या फुर्ती महसूस करते हैं। इनमें भारी मात्रा में कैफीन, चीनी, टॉरिन, और बी-विटामिन मिलाए जाते हैं। बाजार में मिलने वाले रेड बुल, मॉन्स्टर, और स्टिंग इसके प्रमुख उदाहरण हैं। ये सीधे हमारे दिमाग और तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करते हैं, जिससे थकान कम महसूस होती है और नींद भाग जाती है।

Popular Articles