– 132 वें संशोधन में लोकसभा-विधानसभाओं की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव
नई दिल्ली :- संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में केंद्र सरकार ने परिसीमन से जुड़ा नया प्रस्ताव तैयार किया है। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के जरिए लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने तथा निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने का प्रस्ताव है। यह विधेयक अप्रैल में लोकसभा में पेश किए गए 131वें संशोधन विधेयक से कई महत्वपूर्ण मामलों में अलग है। दोनों प्रस्तावों के बीच सीटों की संख्या, जनगणना के आंकड़ों और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर प्रमुख बदलाव किए गए हैं।
लोकसभा और विधानसभाओं में 50% सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव:
132वें संशोधन विधेयक में लोकसभा और प्रत्येक राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने की तैयारी है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। वहीं, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना का आधार:
दोनों विधेयकों में दूसरा बड़ा अंतर परिसीमन के लिए इस्तेमाल होने वाले जनगणना आंकड़ों का है। 2023 के महिला आरक्षण कानून के अनुसार, आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को कानून लागू होने के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़ों से जोड़ा गया था। लेकिन, 132वें संशोधन विधेयक में संशोधन लागू होने की तारीख तक उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण करने की अनुमति देने का प्रस्ताव है। इसके तहत 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
सीटों का नया आवंटन 2051 तक प्रभावी रखने का प्रस्ताव:
नए विधेयक में परिसीमन के बाद सीटों का संशोधित आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों का विभाजन 2051 तक लागू रखने का प्रावधान है। वहीं, महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण को 15 वर्षों तक लागू रखने का प्रस्ताव है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी शामिल किया गया है। संसद को कानून के माध्यम से आरक्षण की अवधि बढ़ाने का अधिकार भी देने का प्रावधान है।
नए परिसीमन आयोग का होगा गठन:
परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए तीन सदस्यीय नए परिसीमन आयोग के गठन का प्रस्ताव है। परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 के अनुसार, आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश करेंगे, जिनकी नियुक्ति केंद्र सरकार करेगी। यह आयोग लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों का आवंटन, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का निर्धारण और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की पहचान करेगा।
महिला आरक्षित सीटों का होगा रोटेशन:
132वें संशोधन विधेयक में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों को रोटेशन यानी बारी-बारी से बदलने का प्रावधान है। किस सीट को आरक्षित किया जाएगा और रोटेशन की प्रक्रिया क्या होगी, इसका निर्धारण परिसीमन आयोग करेगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन संबंधित श्रेणियों के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर किया जाएगा।





