Friday, February 20, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

जिले की 188 ग्राम पंचायतों पर प्रशासक नियुक्त

– जिला परिषद के ग्राम पंचायत विभाग का आदेश जारी

यासीन शेख, गोंदिया :- महाराष्ट्र ग्राम पंचायत अधिनियम के तहत जिन ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है या समाप्ति की ओर है, उन पर प्रशासक नियुक्त करने का अधिकार शासन स्तर से प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से संबंधित जिले के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद को प्रदान किया गया है। इसी के तहत मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जिले की 188 ग्राम पंचायतों पर प्रशासकों की नियुक्ति कर दी है। इस संबंध में जिला परिषद के ग्राम पंचायत विभाग द्वारा 17 फरवरी को आदेश जारी किया गया।

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बीच निर्णय

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार राज्य में ग्राम पंचायत चुनाव कराने के लिए समयसीमा निर्धारित की गई है। इसी पृष्ठभूमि में जनवरी माह में कार्यकाल समाप्त हुई जिले की 188 ग्राम पंचायतों का प्रभार अब प्रशासकों को सौंप दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों के निर्वाचित सदस्य मंडलों का कार्यकाल समाप्त हो गया है।

मुदत पूरी होने वाली ग्राम पंचायतों पर प्रशासक नियुक्त करने का अधिकार जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को दिया गया है। उन्होंने यह अधिकार संबंधित तालुकों के गट विकास अधिकारियों को सौंपते हुए प्रशासकों की नियुक्ति के निर्देश दिए हैं।

विभिन्न विभागों के अधिकारी बनाए गए प्रशासक

पंचायत समिति, कृषि विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के विस्तार अधिकारियों को प्रशासक के रूप में नियुक्त करने के आदेश गट विकास अधिकारियों को दिए गए हैं।

पंचायत समिति गोंदिया, देवरी, तिरोडा, आमगांव, सड़क अर्जुनी, गोरेगांव, अर्जुनी मोरगांव और सालेकसा क्षेत्रों में विस्तार अधिकारी (पंचायत), विस्तार अधिकारी (शिक्षा), विस्तार अधिकारी (कृषि) एवं विस्तार अधिकारी (स्वास्थ्य) को प्रशासक नियुक्त किया गया है।

चुनाव कार्यक्रम टलने से बदला समीकरण

ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्ति की ओर होने के कारण पिछले एक वर्ष से कई इच्छुक उम्मीदवार चुनाव की तैयारी में जुटे थे। ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया था। हालांकि, लगभग चार महीने पहले चुनाव टलने के संकेत मिलने के बाद कई इच्छुकों को निराशा हाथ लगी।

यह चर्चा भी थी कि वर्तमान सरपंचों को ही प्रशासक के रूप में अवसर मिल सकता है, जिससे उनका कार्यकाल बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन अधिकारियों की नियुक्ति के बाद सरपंचों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। अगली ग्राम पंचायत चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और नए सरपंच व उपसरपंच के चयन के बाद यह प्रशासकीय नियुक्ति स्वतः समाप्त हो जाएगी।

तालुका-वार ग्राम पंचायतों का विवरण

जनवरी से दिसंबर 2026 के बीच जिन ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें शामिल पंचायतों की संख्या इस प्रकार है देवरी तालुका 29,सड़क अर्जुनी 19,गोरेगांव25,गोंदिया37,अर्जुनी मोरगांव 28,तिरोडा 19, आमगांव 22,सालेकसा 9 जिले की कुल 188 ग्राम पंचायतों पर प्रशासक नियुक्त किए जाने से ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब सभी की नजर आगामी चुनाव कार्यक्रम पर टिकी है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com