– मालदा में EVM खराब, वोटिंग सेंटर के बाहर हंगामा
पश्चिम बंगाल में फर्स्ट फेज की 152 सीटों पर और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। 9 बजे तक बंगाल में 19% और तमिलनाडु में 18% वोटिंग हुई।उधर, बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग से पहले भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। देशी बम फेंका गया। इसमें कई लोग घायल हो गए। वहीं मालदा के एक बूथ पर ईवीएम खराब होने से हंगामा हो गया। लोगों ने चुनाव अधिकारी को घेर लिया और आपत्ति जताई।
इस बीच पूरे राज्य में सुबह से पोलिंग बूथ पर लंबी कतारें दिख रही हैं। यहां महिलाओं की संख्या ज्यादा है। ऐसा ही हाल तमिलनाडु में देखा जा रहा है।
चेन्नई में एक्टर अजित कुमार और TVK चीफ विजय वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उनकी एक झलक पाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे बूथ के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बंगाल में मुख्य मुकाबला TMC और BJP के बीच है। यहां के बूथों पर वेबकास्टिंग (लाइव मॉनीटरिंग) के जरिए चुनाव आयोग निगरानी कर रहा है। राज्य की बाकी 142 सीटों पर दूसरे फेज में 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। नतीजा 4 मई को आएगा।
सुबह 9 बजे तक बंगाल में 18.76% मतदान दर्ज
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम छह बजे तक चलेगा। राज्य में पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए 16 जिलों की 152 सीटों के लिए 44,378 मतदान केन्द्र बनाये गये है। इन सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं।