– होटल प्राइड के सामने युवक की हत्या
– देर रात तक खुले पब, बेखौफ शराबखोरी और जानलेवा हमला: प्रशासन पर उठे सवाल
नागपुर :- क्रिसमस की रात शहर के सोनेगांव थाना क्षेत्र में होटल प्राइड के सामने शुक्रवार तडक़े 4 बजे आरोपियों ने धारदार हथियार से एक युवक की हत्या कर दी जबकि 4 अन्य युवक पायल होने की जानकारी है. हमेशा चर्चा में रहनेवाले डाबो पब में शराब के नशे में मदहोश होकर नाचते समय आरोपियों के साथ आई युवती को धक्का लगने के कारण को लेकर हुए पंगे के बाद आरोपियों के एकसमूह ने युवकों के दूसरे समूह पर घातक हथियारों से हमला कर दिया. इस हमले में प्रणय नारनवरे नामक युवक की हत्या हो गई जबकि 4 अन्य घायल हो गए. आरोपियों में इतवारी निवासी सम्यक देशमुख, मेहुल रहाटे और अन्य का समावेश बताया जा रहा है. आरोपियों की तलाश में सोनेगांव पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक कोई भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग पाया था. संदेह के आधार पर 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार रात क्रिसमस के पर्व पर प्रणय नारनवरे तथा उसके मित्र वर्धा रोड स्थित डाबो नामक एक पब में पार्टी मनाने गए थे. उसी पब में इतवारी
निवासी आरोपी सम्यक देशमुख, मेहुल रहाटे और उसके मित्र भी पार्टी मना रहे थे. आरोपियों के साथ एक युवती भी थी. शराब के नशे में डांस करते समय आरोपियों के साथ थिरक रही एक युवती को प्रणय का पका लग गया. इसे लेकर झगड़ा शुरू हो गया. दोनों समूह के सदस्यों ने छककर शराब डक़ारी थी. दोनों समूह के युवकों में विवाद शुरू हुआ. यह विवाद हाथापाई में बदलने ही जा रहा थी की पब के संचालक ने अपने बाउंसरों के साथ मिलकर मोर्चा संभाल लिया और दोनों गुटों को समझाकर शांत करने के बाद बिल वसूल कर बाहर दिया.
तब तक सुबह के 4 बज चुके थे. दोनों गुटों के बीच बाहर आने के बाद पुन: झगड़ा शुरू हो गया. प्रणय और उसके मित्र वहां से किसी तरह निकल गए लेकिन आरोपियों ने उनको होटल प्राइड के सामने रोककर पुन: झगड़ा शुरू किया. इसी झगड़े में वाहनों से हथियार निकल गए और सम्यक, मेहुल तथा उसके मित्रों ने प्रणय नारनवरे व उसके साथियों पर हमला बोल दिया.
इस जानलेवा हमले में प्रणय पर आरोपियों ने सपासप वार किए जिससे उसकी घटनास्थल ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हो गए. प्रणय की मौत होने पर सभी आरोपी अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर नागपुर शहर की ओर भाग गए. इस हत्याकांड की जानकारी मिलते ही सोनेगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. मृतक प्रणय का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया जबकि गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया.
पब से शुरू हुआ विवाद
आरोपियों की जानकारी हासिल करने बाद सोनेगांव पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी. अपराध शाखा के पुलिस कर्मी भी जांच में लग गए. खबर लिखने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी, लेकिन जल्द ही आरोपियों के पकड़े जाने की संभावना है. पुलिस ने डाबो के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जांच शुरू कर दी.
उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने क्रिसमस की रात तडक़े 5 बजे तक परमिटरूम खुले रखने की अनुमति प्रदान की थी. इस हत्याकांड ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि किस प्रकार शहर और आसपास के पबों और ढाबों में बेखौफ होकर अवैध रूप से शराब परोसे जा रही है.




