– कांग्रेस अध्यक्ष ने बयान पर सफाई भी दी थी; शाह बोले-राहुल के साथ रहकर भाषा बिगड़ी
नई दिल्ली :- चुनाव आयोग (EC) ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। भाजपा ने आज पीएम मोदी को आतंकी कहने के मामले में चुनाव आयोग से खड़गे की शिकायत की थी।दरअसल खड़गे ने मंगलवार को चेन्नई में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी को आतंकी कहा था। हालांकि बाद में उन्होंने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि PM मोदी लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं।
वहीं, अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के दमदम उत्तर में चुनावी रैली में कहा कि आतंकवाद को खत्म करने वाले नरेंद्र मोदी को खड़गे आतंकवादी कह रहे हैं। राहुल गांधी के साथ रहकर खड़गे की भाषा बिगड़ने लगी है, लेकिन मोदी को जितनी गालियां दोगे, कमल उतना ही ज्यादा खिलेगा।
नितिन नवीन बोले- बंगाल में डबल इंजन सरकार बनेगी
नितिन नवीन ने उत्तर 24 परगना में रोड शो के दौरान कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता टीएमसी सरकार को हटाने के लिए तैयार है और राज्य में डबल इंजन सरकार बनने जा रही है।उन्होंने कहा कि लोगों में नाराजगी साफ दिख रही है। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों में अदालत का रुख नहीं किया, लेकिन घुसपैठियों के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट गईं। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है और एनडीए की सरकार बनेगी।
अभिषेक बनर्जी बोले- शाह ने ममता और महिलाओं का अपमान किया
कोलकाता में रैली के दौरान अभिषेक बनर्जी ने अमित शाह पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह बीजेपी की महिलाओं के प्रति सोच को दिखाता है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बीजेपी के बयानबाजी का जवाब चुनाव नतीजों के बाद दिया जाएगा और पार्टी 4 मई के बाद अगली राजनीतिक लड़ाई की तैयारी करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी बंगालियों की सोच पर सवाल उठा रही है।