– पुलिस ने घटनाक्रम दोहराकर जुटाए अहम सुराग, 8 तक PCR
अमरावती :- अमरावती के रविनगर क्षेत्र में गुरुवार को हुई 17 वर्षीय महाविद्यालयीन छात्रा की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी आनंद भड को शनिवार शाम राजापेठ पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर ले गई। न्यायालय ने आरोपी को 8 सितंबर तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं। घटनास्थल पर पुलिस ने घटनाक्रम को दोहराते हुए आरोपी की गतिविधियों और उपलब्ध सबूतों की जांच की।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी से घटनास्थल की विभिन्न महत्वपूर्ण बातों की पुष्टि कराई गई। पुलिस ने यह जानने का प्रयास किया कि घटना के दौरान आरोपी की गतिविधियां किस प्रकार थीं और वह किस रास्ते से घटनास्थल से फरार हुआ। आरोपी को पुलिसकर्मी सहारा देकर घटनास्थल तक ले गए। इस दौरान वहां नागरिकों की भीड़ जमा हो गई।
हत्या के बाद बडनेरा से गोंदिया पहुंचा
पुलिस के मुताबिक, छात्रा की हत्या के बाद आरोपी आनंद भड दोपहिया वाहन से बडनेरा की ओर फरार हुआ। करीब एक घंटे तक बडनेरा में घूमने के बाद उसने दोपहर करीब पौने तीन बजे गीतांजलि एक्सप्रेस पकड़ी और गोंदिया पहुंच गया। गोंदिया पहुंचने के बाद आरोपी ने एक अनजान व्यक्ति के मोबाइल से अपनी मां को फोन किया और बताया कि उसने छात्रा की हत्या कर दी है। इसी फोन कॉल से पुलिस को उसके गोंदिया में होने की जानकारी मिली।
मोबाइल घटनास्थल पर छोड़ गया था
घटना के दौरान आरोपी का मोबाइल घटनास्थल पर ही छूट गया था। इसलिए उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर तत्काल उसका पता लगाना संभव नहीं था। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में मूर्तिजापुर और उसके मूल गांव के आसपास भी पहुंची थीं।
मां को फोन करने की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस और अपराध शाखा की टीम गोंदिया के लिए रवाना हुई। इससे पहले राजापेठ थानेदार संदीप चव्हाण ने गोंदिया पुलिस को संदिग्ध को हिरासत में लेने के संबंध में सूचना दे दी थी। पुलिस ने आरोपी को गोंदिया से गिरफ्तार कर लिया था। मामले की आगे जांच जारी है।





