– क्लर्क ने सैकड़ों छात्राओं को भेजे अश्लील वीडियो
वर्धा :- महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय एक बार फिर गंभीर विवाद के कारण सुर्खियों में आ गया है. विश्वविद्यालय में कार्यरत एक क्लर्क के मोबाइल से अश्लील वीडियो और फोटो फाइलें सैकड़ों छात्राओं के मोबाइल नंबरों पर भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया. घटना के उजागर होते ही छात्र संगठनों और विद्यार्थियों में भारी आक्रोश फैल गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित क्लर्क हरीश शहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं इस पूरे प्रकरण की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है.
छात्राओं ने दर्ज कराई आपत्ति : जानकारी के अनुसार छात्राओं के मोबाइल पर आपत्तिजनक सामग्री पहुंचने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में इस घटना की चर्चा तेजी से फैल गई. कई छात्राओं ने इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की घटनाएं विश्वविद्यालय की छवि को धूमिल कर रही हैं और छात्राओं की सुरक्षा व सम्मान से जुड़ा यह मामला अत्यंत गंभीर है. उन्होंने दोषी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
महिला शिकायत निवारण समिति की बैठक : घटना सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया. प्रशासन की महिला शिकायत निवारण समिति की तत्काल बैठक बुलाई गई, जिसमें पूरे मामले पर चर्चा की गई. विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई. सूत्रों के अनुसार छात्राओं से प्राप्त शिकायतों और प्राथमिक जांच के आधार पर प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई शुरू की.
दूसरी ओर क्लर्क ने खुद को निर्दोष बताते हुए साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है. उसने दावा किया है कि उसका वाट्सएप अकाउंट हैक कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल किए हैं.
क्लर्क का कहना है कि उसे इस घटना की जानकारी बाद में मिली और वह स्वयं भी इस साजिश का शिकार हुआ है. बताया जाता कि इसके पूर्व भी उक्त क्लर्क के खिलाफ पहले कार्रवाई हो चुकी है.
विवि के रजिस्ट्रार ने किया निलंबित : विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी क्लर्क हरीश शहा को निलंबित करने का आदेश जारी किया. हिंदी विश्वविद्यालय के प्रसिद्धि प्रमुख बी. एस. मिरगे ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस स्तर पर कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया था.