– बिना प्रिस्क्रिप्शन के बेच रहे थे, दो भाइयों पर मामला दर्ज
नागपुर :- वैध चिकित्सकीय पर्चे के बिना गर्भपात में उपयोग होने वाली तथा चिंता और पैनिक डिसऑर्डर जैसे विकारों के उपचार में इस्तेमाल की जाने वाली दवाओं को बिक्री के लिए रखने के मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की शिकायत पर गणेशपेठ पुलिस ने दो दवा विक्रेता भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान संबंधित दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े आवश्यक रिकॉर्ड और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के नाम विमल चंदवानी और विक्की चंदवानी हैं। गंजीपेठ स्थित संदेश औषधि बाजार में ‘द बॉम्बे फार्मा’ मेडिकल स्टोर पर एफडीए की टीम ने 10 जून को छापेमारी की थी। औषधि निरीक्षक प्रशांत रामटेके के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान गर्भपात में चिकित्सकीय रूप से उपयोग की जाने वाली कॉन्ट्राकिट की एक स्ट्रिप और चिंता तथा पैनिक डिसऑर्डर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली अल्प्राझो 0.5 की 31 स्ट्रिप बरामद हुईं। एफडीए के अनुसार, इन दवाओं की बिक्री निर्धारित नियमों के तहत पंजीकृत चिकित्सक के वैध प्रिस्क्रिप्शन पर ही की जा सकती है। दवा की बिक्री के बाद मरीज का रिकॉर्ड रखना तथा दवाओं की खरीद और बिक्री का विवरण दर्ज करना भी आवश्यक है।
जांच के दौरान चंदवानी बंधु दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित बिल, रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद एफडीए ने संबंधित दवाओं का स्टॉक जब्त कर दोनों को नोटिस जारी किया।
निर्धारित समय में नहीं मिला संतोषजनक जवाब
निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर औषधि निरीक्षक प्रशांत रामटेके ने गणेशपेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विमल चंदवानी और विक्की चंदवानी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस और एफडीए अब यह जांच कर रहे हैं कि संबंधित दवाओं का स्टॉक कहां से लाया गया था, इसकी बिक्री किन लोगों को की गई तथा इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं। मामले की जांच जारी है।





