spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पांच साल बाद मिला इंसाफ

– ट्रक ने बाइक को मारी थी टक्कर

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 2019 में हुए एक गंभीर सड़क हादसे को लेकर मोटर एक्सीडेंट क्लेम्स ट्रिब्यूनल ने अहम फैसला सुनाया है. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था. अब ट्रिब्यूनल ने मृतक की पत्नी और घायल व्यक्ति को कुल मिलाकर 24 लाख रुपये से ज्यादा का मुआवजा देने का आदेश दिया है. यह फैसला 24 दिसंबर 2025 को पारित किया गया, जिसकी प्रति सोमवार को उपलब्ध कराई गई. यह दुर्घटना 30 सितंबर 2019 को थाणे जिले के भीवंडी-वाडा रोड स्थित वंजारपट्टी ब्रिज पर हुई थी. हादसे के समय स्कूटर पर दो लोग सवार थे, जो रोजमर्रा की तरह अपने काम से जुड़े सफर पर थे. पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हादसे में स्कूटर चला रहे थे अंकुश केशव पाटिल (51), जबकि पीछे बैठे थे बाबन श्रीधर पाटिल (67) दोनों ही भीवंडी की एक चाइल्ड डेवलपमेंट संस्था में कार्यरत थे और लगभग 15,000 रुपये मासिक वेतन पाते थे. हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान बाबन पाटिल की उसी दिन मौत हो गई थी.मामले की सुनवाई कर रहे ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष के. पी. श्रीखंडे ने अपने आदेश में साफ कहा कि पिकअप ट्रक पीछे से तेज रफ्तार में आया और लापरवाही से स्कूटर को टक्कर मारी. ट्रिब्यूनल ने माना कि यह पूरी तरह से ट्रक चालक की तेज और गैर-जिम्मेदार ड्राइविंग का नतीजा था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ. बीमा कंपनी और बचाव पक्ष की ओर से यह दलील दी गई थी कि स्कूटर चालक की भी लापरवाही हादसे की वजह हो सकती है. हालांकि ट्रिब्यूनल ने इस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया. आदेश में कहा गया कि उपलब्ध दस्तावेज और सबूत साफ तौर पर दिखाते हैं कि टक्कर ट्रक ने मारी थी और स्कूटर चालक की कोई गलती साबित नहीं होती.

Popular Articles