spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

विधानमंडल सचिवालय नागपुर में शिफ्ट

– शीतकालीन सत्र की तैयारियाँ निर्णायक चरण में

नागपुर :- 8 दिसंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन विधानसभा सत्र को देखते हुए नागपुर में तैयारियाँ तेजी से अंतिम चरण में पहुँच रही हैं। विधानमंडल सचिवालय का उपराजधानी में आधिकारिक रूप से स्थानांतरण होते ही प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और सभी विभागों ने काम की रफ्तार और बढ़ा दी है। अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में नागपुर पहुँच चुके हैं, जबकि विधान भवन परिसर में बारीक से बारीक व्यवस्था दुरुस्त करने का काम दिन-रात जारी है।

महाराष्ट्र विधानमंडल सचिवालय आज से औपचारिक रूप से नागपुर में शिफ्ट हो गया है, जिससे शीतकालीन सत्र की तैयारियाँ अब निर्णायक मोड़ पर आ गई हैं। शुक्रवार तक 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी नागपुर पहुँच चुके हैं और इन्हें संबंधित विभागों में तैनात कर दिया गया है। इनके रहने और कार्यस्थल के लिए 160 से अधिक गैलरी कमरों का नवीनीकरण कर उन्हें पूरी तरह उपयोग लायक बनाया गया है।

विधान भवन परिसर में इस बार बड़े पैमाने पर इन्फ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन चल रहा है। विधान भवन, राजभवन, रमणि हॉल, बेरीकेडिंग जोन, सुरक्षा चौकियाँ और मीडिया गैलरी में सफाई, पेंटिंग, टाइलिंग, इलेक्ट्रिकल फिटिंग, फर्निशिंग और तकनीकी सेटअप का काम तेज़ी से जारी है। बारिश और धूप से हुए नुकसान की भी तुरंत मरम्मत की गई है ताकि किसी तरह की बाधा न रहे।

ठेकेदारों और विभागों पर तय समयसीमा में काम पूरा करने का दबाव बढ़ गया है, फिर भी प्रशासन का दावा है कि 3 दिसंबर तक सभी महत्वपूर्ण विभाग पूरी तरह तैयार हो जाएंगे। सोमवार से सामग्री का अंतिम परीक्षण, सुरक्षा उपकरणों की चेकिंग, कक्षों की सेटिंग और तकनीकी सिस्टम का ट्रायल रन शुरू होगा। सत्र के दौरान बढ़ती भीड़ और गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी सख्त की जा रही है। पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन की संयुक्त बैठकों में सभी मोर्चों की रणनीति पर अंतिम निर्णय लिए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि इस साल सत्र के दौरान अत्यधिक गतिविधियों की संभावना है, इसलिए हर विभाग को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।

Popular Articles