– दो वारदातों का खुलासा, तीन चाकू समेत 32 हजार का माल जब्त
नागपुर :- नंदनवन पुलिस ने चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले आरोपी कुणाल भैयालाल वानखेडे (19) को वारदात के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके दो नाबालिग साथियों को भी हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने दो वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे फरियादी लोकेश भाऊराव मडावी (22) अपने भाई के साथ संघर्षनगर चौक स्थित दारू भट्टी के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और लोकेश की जेब से 150 रुपए जबरन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर नंदनवन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 311 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के बीट मार्शल कर्मचारियों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की। जांच में पता चला कि कुणाल वानखेड़े अपने दो साथियों के साथ क्षेत्र में लोगों को धमकाकर पैसे मांग रहा था। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर संघर्षनगर चौक स्थित एक पानटपरी के पास से कुणाल वानखेड़े और उसके दोनों नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने उक्त लूटपाट के अलावा उसी स्थान पर दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति से मोबाइल फोन और नकदी छीनने तथा मारपीट करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों वारदातों से संबंधित 190 रुपए नकद, चोरी का मोबाइल समेत दो मोबाइल फोन, तीन लोहे के चाकू और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, कुल 32,090 रुपए का माल जब्त किया है। आरोपी कुणाल वानखेड़े को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है। कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव और सहायक पुलिस आयुक्त, सक्करदरा विभाग के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कैलाश देशमाने तथा पुलिसकर्मियों मनोज ढाले, विजय बावणे, कार्तिक लालसरे और योगेंद्र वालोदे ने की।





